ट्रांसफार्मर जलने से चार दिनों से अंधेरे में समौड़ा, ग्रामीणों में आक्रोश
बस्ती। दुबौलिया विकास खंड के ग्राम समौड़ा में बिजली ट्रांसफार्मर जल जाने से पिछले चार दिनों से विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप है। बिजली न मिलने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मोबाइल फोन चार्ज करने के लिए लोगों को गांव से बाहर चौराहों तक जाना पड़ रहा है, जबकि पेयजल, घरेलू कार्य और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने विद्युत विभाग की हेल्पलाइन 1912 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया गया, लेकिन चार दिन बीत जाने के बावजूद ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया और न ही बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।
ग्रामीण आचार्य पंडित दीपक शुक्ल, रामकुमार गौड़, बाबूलाल, जीतू, अभिषेक कुमार, दिलकुमार, हरिप्रसाद, पवन कुमार, प्रदीप कुमार, राकेश कुमार, मेहीलाल, अर्जुन कुमार, लालमणि शुक्ल, श्यामसुंदर, रामसुंदर, रामनायक शुक्ल, आलोक शुक्ल एवं हरी जी शुक्ल सहित अन्य लोगों ने विद्युत विभाग से तत्काल नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
