इटवा में जनसंपर्क के दौरान पूर्व मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
सिद्धार्थनगर::पूर्व मंत्री एवं इटवा विधानसभा क्षेत्र-305 के पूर्व विधायक डॉ. सतीश द्विवेदी ने खुनियांव ब्लॉक/मंडल क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जनसंपर्क एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार की विकास योजनाओं तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को लेकर ग्रामीणों से विस्तार से चर्चा की। उन्होंने लोगों से प्रदेश की विकास यात्रा को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए वर्ष 2027 में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने का आह्वान किया।
जनसंपर्क अभियान के तहत डॉ. सतीश द्विवेदी ने रमवापुर उर्फ विशुनपुर, फरेंदा, कलेनिया, धोरहरा, करहिया, गोसाईं और नवेल सहित विभिन्न ग्रामों का दौरा किया। गांवों में पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने ग्रामीणों के साथ बैठकर क्षेत्र की समस्याओं, विकास कार्यों और सरकार की योजनाओं को लेकर संवाद किया।
जनसंवाद के दौरान डॉ. द्विवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में भी विकास की गति को नई दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, कानून-व्यवस्था और जनकल्याण से जुड़े क्षेत्रों में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। सरकार की विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सुविधाओं का लाभ पहुंचाना है।
उन्होंने ग्रामीणों से केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की। साथ ही कार्यकर्ताओं से कहा कि वे गांव-गांव जाकर पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराएं और जरूरतमंद लोगों को उनका लाभ दिलाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी केवल चुनाव तक सीमित नहीं होती, बल्कि जनता के बीच लगातार रहकर उनकी समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए प्रयास करना भी जरूरी है।
डॉ. द्विवेदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास और सुशासन को लेकर सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों से प्रदेश की तस्वीर बदल रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए निरंतरता आवश्यक है। इसी क्रम में उन्होंने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को पुनः अवसर देने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखने को मिला। डॉ. द्विवेदी ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने, आपसी समन्वय बनाए रखने और जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी की ताकत उसके कार्यकर्ता हैं और कार्यकर्ता ही सरकार की नीतियों तथा योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं
उन्होंने कहा कि “जन-जन का विश्वास, विकास की रफ्तार—2027 में फिर एक बार, भाजपा सरकार” के संकल्प के साथ कार्यकर्ताओं को जनता के बीच सक्रिय रहना होगा। जनसंपर्क कार्यक्रम के माध्यम से उन्होंने क्षेत्रवासियों से सीधे संवाद स्थापित करते हुए सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया।
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष कृष्णा मिश्रा, मंडल महामंत्री सुनील पाण्डेय, शिवा गौतम, सहजराम चौधरी, राकेश विश्वकर्मा, राहुल वरुण, पंचम चौरसिया, राजकुमार चौबे, गोरखनाथ चौधरी सहित स्थानीय नागरिक गण उपस्थित रहे।
